Jamshedpur : 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जिला, प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर तक योग दिवस के व्यापक आयोजन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम **‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ (योग फॉर हेल्दी एजिंग) निर्धारित की है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा चिकित्सा एवं नर्सिंग संस्थानों में 21 जून को कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि योग दिवस को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जनप्रतिनिधियों, केंद्रीय सुरक्षा बलों, झारखंड पुलिस, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, स्वास्थ्य कर्मियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सुबह 6 बजे से 8 बजे तक खासमहल दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित किया जाएगा।
उपायुक्त ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, तनाव और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं की रोकथाम के प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया। साथ ही बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में योग की भूमिका को भी प्रमुखता से प्रचारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयों एवं संस्थानों में कार्यरत कर्मियों के लिए वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल को बढ़ावा देने तथा कार्यस्थलों पर प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट योगाभ्यास को प्रोत्साहित करने को कहा।
बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए मीडिया, सोशल मीडिया, होर्डिंग, बैनर और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा विद्यालयों में योग प्रतियोगिता, सेमिनार, चित्रकला प्रतियोगिता और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित करने पर भी चर्चा हुई।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने और प्रत्येक कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाकर ही स्वस्थ, निरोग और जागरूक समाज के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, प्रभारी जिला आयुष पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, डीपीएम जेएसएलपीएस, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

