
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर से उपायुक्त मनीष कुमार ने प्राथमिक विद्यालयों में बाल वाटिका से कक्षा 5 तक अध्ययनरत बच्चों में पठन-पाठन को प्रोत्साहित करने एवं उनके पठन कौशल के विकास के उद्देश्य से संचालित “पठन अभियान–मेरे शब्द, मेरी कहानी” कार्यक्रम के तहत जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार सहित शिक्षा कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों में पढ़ने की आदत और समझ विकसित करना उनकी शैक्षणिक नींव को मजबूत करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। “मेरे शब्द, मेरी कहानी” अभियान के माध्यम से बच्चों को रोचक एवं सहज तरीके से पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि उनमें पठन के प्रति रुचि विकसित हो और वे अपने विचारों को शब्दों एवं कहानी के माध्यम से अभिव्यक्त कर सकें। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए विद्यालयों के साथ-साथ अभिभावकों एवं समुदाय की सहभागिता भी आवश्यक है। शिक्षकों से आह्वान किया गया कि वे बच्चों को नियमित रूप से पढ़ने, सुनने, बोलने और अपनी कहानियां लिखने के अवसर प्रदान करें।
जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों एवं क्षेत्रों में पहुंचकर अभियान के उद्देश्यों के प्रति बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को जागरूक करेगा। इसके माध्यम से प्रारंभिक कक्षाओं के बच्चों में पठन की आदत, भाषा समझ, शब्द भंडार एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
Read Also Chaibasa News : खदान मजदूरों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन : रामा पांडे

