
हजारीबाग :झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग के जुड़ी परीक्षाओं में अनियमितता का आरोप लगाया है। साथ ही परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी से जुड़े अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने अपने करीबियों को सरकारी नौकरी में नियुक्त कराया है। कहा कि एजेंसी से जुड़े कई लोग पहले से ही राज्य सरकार के विभिन्न पदों पर कार्यरत थे।
नियुक्तियों में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे मामले में बड़े पैमाने पर लेन-देन हुआ है। मरांडी गुरुवार को हजारीबाग में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस धांधली में एजेंसी और सरकार से जुड़े लोगों की मिलीभगत रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
छात्र भी लगातार कर रहे आंदोलन
इधर जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। बुधवार को रांची में छात्रों ने प्रदर्शन किया था, जिसे भाजपा ने समर्थन दिया। भाजपा के कई नेता देर शाम जयपाल सिंह स्टेडियम स्थित आंदोलन स्थल पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया।
जेपीएससी में कथित धांधली की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) कर रही है। जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते इस्तीफा दे चुके हैं। सीआईडी ने उन्हें बुलाकर दो दिनों पूछताछ की। अब तक इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीआईडी जांच का दायरा बढ़ाती जा रही है।

