RANCHI: भारतीय जनता पार्टी झारखंड में 6 अप्रैल को अपना 47वां स्थापना दिवस मनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर को भव्य बनाने के लिए तिथिवार कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार कर सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी विद डिफरेंस है, जो राजनीति नहीं बल्कि राष्ट्रनीति के सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने पार्टी की यात्रा को भारतीय जनसंघ से लेकर आज के विशाल संगठन तक की उपलब्धियों से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं के त्याग और समर्पण को इसका आधार बताया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि का उल्लेख किया।
5 अप्रैल को स्वच्छता अभियान
कार्यक्रम के तहत 5 अप्रैल को सभी बूथ, मंडल, जिला एवं प्रदेश कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाकर सजावट की जाएगी। 6 और 7 अप्रैल को कार्यकर्ता अपने घरों, बूथों और कार्यालयों में पार्टी का नया ध्वज फहराएंगे। जिला मुख्यालयों पर झंडोत्तोलन के साथ दोपहर 12 से 4 बजे तक स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें पार्टी की विकास यात्रा पर चर्चा की जाएगी। 8 और 9 अप्रैल को सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित होगा, जबकि 10 से 12 अप्रैल तक गांव व बस्ती चलो अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधि गांव-गांव जाकर स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों से संवाद और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में जुटेंगे।
READ ALSO: RANCHI CRIME NEWS: घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो गिरफ्तार, सामान बरामद

