
बोकारो: बोकारो जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी माराफारी थाना इलाके में देखने को मिली है। यहां दिनदहाड़े एक एटीएम कैश लोडर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने 21 लाख 40 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से न सिर्फ स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है, बल्कि पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
रास्ते में घेरकर की गई मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, ‘हिटाची’ कंपनी में काम करने वाला कर्मी विजय कुमार नया मोड़ इलाके से कैश लेकर कुरुमीडीह स्थित एटीएम में पैसे लोड करने के लिए जा रहा था। वह बोकारो नाथ धाम शिव मंदिर के पास पहुंचा। पल्सर बाइक पर सवार होकर आए दो बेखौफ अपराधियों ने उसकी बाइक को रोक लिया।
बदमाशों ने पहले पीड़ित कर्मी के साथ गाली-गलौज की और जब उसने विरोध किया, तो दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हाथापाई का फायदा उठाते हुए अपराधी रुपयों से भरा बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से कर्मी संभल भी नहीं पाया।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अपराधियों की तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय माराफारी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों का सुराग लगाने के लिए आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
दिनदहाड़े शहर के भीतर हुई इस बड़ी लूट की घटना ने पुलिस गश्त और सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी है। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया जाएगा और लूटी गई रकम बरामद कर ली जाएगी।
Read Also:Bokaro News: BSLमें जमीन देने वाले रैयतों का फूटा गुस्सा, मेन गेट ठप, 8 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे विस्थापित

