Jamshedpur : जमशेदपुर शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बार फिर सड़क दुर्घटना हुई है। साकची से टाटानगर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही एक ऑटो बर्मामाइंस स्थित सुनसुनिया गेट के पास अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में ऑटो में सवार कई यात्री घायल हो गए।दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने फौरन राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे उसमें बैठे यात्रियों को चोटें आईं।
डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर लगाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनसुनिया गेट के पास अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनका आरोप है कि यहां बने डिवाइडर पर रेडियम या रिफ्लेक्टर नहीं लगाए गए हैं, जिसके कारण खासकर रात के समय वाहन चालकों को डिवाइडर दिखाई नहीं देता और हादसे का खतरा बना रहता है।
टाटा कंपनी पर भी लगा लापरवाही का इल्जाम
लोगों ने टाटा कंपनी और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार हादसे होने के बावजूद अब तक कोई ठोस इंतजाम नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस इलाके में जल्द से जल्द पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाई जाए और डिवाइडर पर रेडियम या रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

