नई दिल्ली: कापसहेड़ा थाना क्षेत्र के बिजवासन रोड पर सोमवार रात एक टोयोटा ग्लैंजा कार में अचानक आग लग गई, जिसमें 42 वर्षीय ट्रांसपोर्टर संदीप की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना रात 10:25 बजे की है, जब संदीप अपने आरके पुरम स्थित ट्रांसपोर्ट ऑफिस से गुड़गांव के पालम विहार घर लौट रहे थे। बिजवासन फ्लाईओवर से द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर जाते समय फ्लाईओवर से नीचे उतरते ही कार में आग भड़क उठी। संदीप बाहर निकल नहीं सके और कार लपटों में घिर गई।
पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना रात 10:25 पर और फायर कंट्रोल रूम को 10:32 पर मिली। दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। फायर डायरेक्टर अतुल गर्ग ने बताया कि आग बुझाने पर कार से संदीप की अधजली लाश मिली। डीसीपी साउथ वेस्ट सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि पीसीआर और कापसहेड़ा थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। गाड़ी का नंबर दिल्ली का था और यह एक महिला के नाम पर रजिस्टर्ड थी।
महिला के परिवार से संपर्क करने पर पता चला कि संदीप, उनके चाचा, कार चला रहे थे। पुलिस ने एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में आग के कारणों का पता नहीं चला है। संदीप का परिवार सदमे में है और पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।

