Chaibasa: असाध्य रोग समिति की बैठक में 5 मरीजों के इलाज के लिए 21.15 लाख रुपए की राशि स्वीकृत : मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत सोमवार को सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ शिवचरण हांसदा की अध्यक्षता में असाध्य रोग समिति की बैठक हुई। बैठक में 6 मरीजों के इलाज के लिए कागजातों की जांच एवं समीक्षा की गई। चक्रधरपुर के सिमिदीरी गांव निवासी गुरमनी महाली (47) तथा मंझारी प्रखंड अंतर्गत माझीपड़सा गांव निवासी कोदमा सवैया (49) कैंसर की बीमारी से पीड़ित हैं। दोनों मरीजों का इलाज 111 सेव लाइफ हॉस्पिटल आदित्यपुर में चल रहा है। दोनों मरीजों के इलाज के लिए पांच-पांच लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। इसी प्रकार, टोंटो प्रखंड अंतर्गत कोंदुवा गांव निवासी सुखमति हेस्सा (47) गोल ब्लैडर के कैंसर से पीड़ित हैं। उनका इलाज आलम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर रांची में चल रहा है। इनके इलाज के लिए 4.84 लाख रुपए स्वीकृत किए गए।
मंझारी थाना अंतर्गत ही हेस्सापी गांव निवासी पुष्पा सिंकू (67) कैंसर से पीड़ित हैं। उनका इलाज आरजेएसपी कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर रांची में चल रहा है। उनके इलाज के लिए 1.31 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। गुवा के रामनगर निवासी रूपेश राज जायसवाल (55) प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित हैं। उनका इलाज रांची कैंसर हॉस्पिटल में चल रहा है। उनके इलाज के लिए 5 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति की गई। चक्रधरपुर निवासी त्रिलोचन प्रधान भी कैंसर से पीड़ित हैं। उनका इलाज सीएमसी वेल्लोर में चल रहा है। उनके इलाज में कुल 11.30 लाख रुपए के आवेदन को लेकर झारखंड स्टेट आरोग्य समिति रांची में प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में झारखंड सरकार के मंत्री चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा के प्रतिनिधि के रूप उपस्थित अधिवक्ता राजा राम गुप्ता, डॉ बारियल मार्डी, डॉ पॉलिना मुंडू, प्रधान लिपिक सुभाष सोरेन एवं अन्य मौजूद थे।

