Chaibasa : जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई में ई-रिक्शा से लाई जा रही अवैध विदेशी मिलावटी शराब की खेप पकड़ी गई, जबकि इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि सरायकेला की ओर से कुछ लोग ई-रिक्शा के जरिए अवैध विदेशी मिलावटी शराब लेकर बिक्री के उद्देश्य से चाईबासा आ रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
लोहा पुल के पास पकड़ा गया ई-रिक्शा
छापेमारी दल ने सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहा पुल के समीप घेराबंदी कर एक लाल रंग के टोटो (ई-रिक्शा) को रोका। जांच के दौरान ई-रिक्शा के पीछे की सीट के पास पीले और हल्के नीले रंग का एक प्लास्टिक बोरा बंधा हुआ पाया गया।
पूछताछ में ई-रिक्शा चालक ने अपना नाम रवि दास (28) और उसके साथ मौजूद व्यक्ति ने बन्धुवा टोप्पो (34) बताया।
बोरे से मिली विदेशी शराब
सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने बोरे में अवैध मिलावटी अंग्रेजी शराब होने की बात स्वीकार की। बोरा खोलने पर उसके अंदर खाकी रंग के दो कार्टन बरामद किए गए।
एक कार्टन से ब्लैक टाइगर व्हिस्की (750 ml) की 12 बोतलें
दूसरे कार्टन से **किंग्स गोल्ड स्पेशल व्हिस्की (750 ml) की 12 बोतलें
मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत
अवैध रूप से शराब की खरीद-बिक्री और परिवहन दंडनीय अपराध होने के कारण पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सदर थाना में मामला दर्ज कर दोनों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त बन्धुवा टोप्पो के खिलाफ पूर्व में भी उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज रहा है। पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक पंकज चौधरी, चंद्रशेखर, धनंजय सिंह, सहायक अवर निरीक्षक जीतू करमाली समेत सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

