Home » AIIMS Deoghar : स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में एम्स देवघर की बड़ी पहल, अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट शुरू

AIIMS Deoghar : स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान और बेहतर उपचार की दिशा में एम्स देवघर की बड़ी पहल, अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट शुरू

महिलाओं के स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र में कैंसर जांच और निदान को मिलेगी मजबूती

by Rakesh Pandey
AIIMS Deoghar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

देवघर : महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण और स्तन कैंसर की समय पर पहचान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एम्स देवघर ने एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत की है। संस्थान के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में अत्याधुनिक डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट स्थापित की गई ह। इससे अब संताल परगना सहित झारखंड के आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर आधुनिक ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।

अन्य राज्य जाने की नहीं होगी जरूरत


नई तकनीक के शुरू होने से मरीजों को उन्नत जांच के लिए बड़े महानगरों या अन्य राज्यों के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान उपचार की सफलता और मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रो. नितिन एम गंगाने ने किया यूनिट का उद्घाटन

एम्स देवघर के रेडियोडायग्नोसिस विभाग में स्थापित अत्याधुनिक आलेंजर्स एमएएम वेनस प्लस डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट का उद्घाटन संस्थान के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रोफ़ेसर नितिन एम. गंगाने ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीकों को मरीजों तक पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है। नई सुविधा से क्षेत्र की महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर की सटीक और समय पर जांच का लाभ मिलेगा, जिससे रोग की पहचान शुरुआती चरण में संभव हो सकेगी।

अत्याधुनिक तकनीकों से लैस है नई मैमोग्राफी मशीन

एम्स देवघर में स्थापित यह डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट कई आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित है। इसमें थ्री-डी डिजिटल ब्रेस्ट टोमोसिंथेसिस (DBT), ड्यूल-एनर्जी कॉन्ट्रास्ट एन्हांस्ड मैमोग्राफी (CEM) और स्टीरियोटैक्टिक ब्रेस्ट बायोप्सी जैसी उन्नत सुविधाएं उपलब्ध हैं।

मिल सकेगी सटीक जांच रिपोर्ट


इन तकनीकों की मदद से स्तन ऊतकों में होने वाले सूक्ष्म बदलावों, गांठों और अन्य असामान्य स्थितियों का अधिक सटीक आकलन किया जा सकता है। इससे चिकित्सकों को बेहतर निदान और उपचार योजना बनाने में सहायता मिलेगी।

ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान में मिलेगी मदद

विशेषज्ञों के अनुसार, स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे अधिक पाए जाने वाले कैंसरों में से एक है। यदि इसकी पहचान शुरुआती अवस्था में हो जाए तो उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है।

समय रहते मिल सकेगा उपचार

नई डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट की मदद से कैंसर के शुरुआती संकेतों का पता लगाया जा सकेगा। इससे समय रहते उपचार शुरू करने में आसानी होगी और गंभीर जटिलताओं के जोखिम को कम किया जा सकेगा। यह सुविधा महिलाओं में नियमित ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग को भी बढ़ावा देगी।

संताल परगना क्षेत्र की महिलाओं को मिलेगा सीधा लाभ

अब तक उन्नत मैमोग्राफी और ब्रेस्ट इमेजिंग सुविधाओं के लिए कई मरीजों को रांची, कोलकाता, पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन एम्स देवघर में इस सुविधा के शुरू होने के बाद संताल परगना सहित आसपास के जिलों की महिलाओं को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक जांच उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल समय और खर्च की बचत होगी, बल्कि ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की महिलाओं के लिए भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान बनेगी।

आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं पर एम्स का ध्यान

रेडियोडायग्नोसिस विभाग ने बताया कि संस्थान लगातार नई चिकित्सा तकनीकों को अपनाकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है। डिजिटल मैमोग्राफी यूनिट की स्थापना भी इसी प्रयास का हिस्सा है। संस्थान का मानना है कि यह सुविधा महिलाओं के स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र में कैंसर जांच और निदान की गुणवत्ता को नई ऊंचाई प्रदान करेगी।

उद्घाटन समारोह में इनकी रही उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ राजेश कुमार, अधीक्षण अभियंता देवानंद झा , उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमरदीप कुमार सहित संस्थान के संकाय सदस्य, रेजिडेंट चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Read Also- Jamshedpur News : पोटका के बर्गीकोचा गांव में चेचक जैसे लक्षणों से दहशत, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Related Articles

Leave a Comment