चाईबासा: नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के तहत जिले के दोनों नगर परिषद क्षेत्र, चाईबासा और चक्रधरपुर में मतदान प्रक्रिया समाप्ति के उपरांत अब मतगणना पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। मतगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हें। मंगलवार को मतगणना परिसर महिला कॉलेज चाईबासा के प्रांगण में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्दिष्ट बिंदुओं के आलोक में पीठासीन पदाधिकारी की डायरी सहित अन्य संलग्न प्रतिवेदनों की संवीक्षा के लिए बैठक का आयोजन किया गया।
पीठासीन पदाधिकारी की डायरी का अवलोकन
इस बैठक के दौरान चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर परिषद के सामान्य प्रेक्षक के द्वारा क्रमवार बताया गया कि राज्य निर्वाचन आयोग के तय गाइडलाइन के अनुरूप पीठासीन पदाधिकारी डायरी एवं अन्य संलग्न प्राप्त प्रपत्रों का क्रमशः मिलान किया गया। डायरी या प्रपत्रों में कहीं से किसी भी प्रकार का प्रतिकूल टिप्पणी नहीं पाई गई है।
किसी भी मतदान केंद्र पर नहीं होगा पुनर्मतदान
इस प्रकार जिले के दोनों नगर परिषद क्षेत्र के किसी भी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की अनुशंसा नहीं की जानी है। शुक्रवार 27 फरवरी 2026 को इसी परिसर में मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगी गिनती
शुक्रवार को सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू की जाएगी। चाईबासा एवं चक्रधरपुर क्षेत्र के दोनों सामान्य प्रेक्षकों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्र के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं को सूचना दी गई है कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अधिसूचना में मतगणना प्रारंभ करने का समय पूर्वाह्न 8 बजे से पूर्व सभी प्रत्याशियों, अभिकर्ताओं की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम को खोला जाना है, ताकि समय से मतगणना प्रारंभ हो सके, इसलिए सभी समय उपस्थित रहेंगे।
स्ट्रांग रूम से होगा सीधा प्रसारण
इसके अलावा यह भी बताया गया कि स्ट्रांग रूम सीसीटीवी के निगरानी में है और उसका प्रसारण महिला कॉलेज परिसर स्थित कंट्रोल रूम में किया जा रहा है। जहां अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी अथवा उनके द्वारा अधिसूचित अभिकर्ता रहकर स्क्रीन पर हो रहे सजीव प्रसारण के माध्यम से निगरानी कर सकते हैं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
नगर परिषद वार आहूत पृथक-पृथक संवीक्षा बैठक में चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक एजाज़ अनवर, अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी-सह-सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग सहित वार्ड पार्षद पद के सभी निर्वाची पदाधिकारी एवं अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी, अभिकर्ता और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक उत्तम प्रसाद, अध्यक्ष पद के निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उपसमाहर्ता, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर केकेमुण्डू एवं वार्ड पार्षद पद के सभी निर्वाची पदाधिकारी सहित अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी, अभिकर्ता मौजूद रहे।
Read Also- Guwa SAIL mine : गुवा सेल की राजाबुरु खदान को ग्रामीणों ने अनिश्चितकाल के लिए किया बंद

