RANCHI: रांची के मांडर टोल प्लाजा पर देर रात हालात उस वक्त हिंसक हो गए, जब एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार शादी समारोह में शामिल होने जा रहे करीब 50-60 लोगों का समूह टोल प्लाजा पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद हिंसा में बदल गया और लोग आक्रामक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोग जबरन टोल प्लाजा में घुस आए और लाठी-डंडों से कर्मचारियों पर हमला कर दिया। टोल मैनेजर समेत कई कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। वहां मौजूद अन्य लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस हमले में टोल मैनेजर सहित करीब आधा दर्जन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ के सिर में गहरी चोट आई है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति वाले लोगों को रिम्स रेफर किया गया। टोल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि भीड़ ने सुनियोजित तरीके से हमला किया। इस मामले में मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर छापेमारी कर रही है।
45

