चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला के चाईबासा जिला स्कूल मैदान में आगामी 20 जुलाई से 3 अगस्त 2025 तक गृह रक्षक नव नामांकन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा प्रातः 6:00 बजे से शुरू होगी और प्रतिदिन प्रखंडवार शारीरिक जांच एवं लिखित परीक्षा ली जाएगी। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी चंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।
15399 आवेदन, 1156 रिक्तियां
गृह रक्षक पद के लिए जिले के 18 प्रखंडों से कुल 15399 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 987 ग्रामीण, 169 शहरी गृह रक्षक पदों की रिक्तियां हैं। शहरी गृह रक्षक (नॉन टेक्निकल) के लिए 431, जबकि टेक्निकल के लिए 118 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
केंद्र में प्रतिबंधित सामग्री पर रोक
उपायुक्त चंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री केंद्र में लाने की अनुमति नहीं होगी। सिर्फ पानी की बोतल और आवश्यक दस्तावेज ही परीक्षा केंद्र के भीतर लाए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों को सुबह 6:00 से 11:00 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
पांच ज़ोन में बंटा परीक्षा केंद्र
जिला स्कूल मैदान को पाँच ज़ोन में बाँटा गया है:
- प्रथम ज़ोन: दस्तावेज़ सत्यापन, रजिस्ट्रेशन, चेस्ट नंबर, स्याही मार्किंग, चीप टैगिंग
- द्वितीय ज़ोन 1600 मीटर दौड़ (मैदान का 5 चक्कर)
- तृतीय ज़ोन: ऊंची/लंबी कूद, गोला फेंक
- चतुर्थ ज़ोन: सीना और ऊंचाई मापी (केवल पुरुष अभ्यर्थी)
- पंचम ज़ोन: श्रुति लेखन परीक्षा
हर जोन में फेल होने वाले अभ्यर्थी को बाहर भेज दिया जाएगा, जबकि केवल सफल अभ्यर्थी ही अगले जोन में प्रवेश पाएंगे।
ट्रायल रन का आयोजन
परीक्षा आयोजन की पूर्व तैयारी के रूप में एक ट्रायल रन भी किया गया, जिसमें डमी अभ्यर्थियों के माध्यम से रजिस्ट्रेशन, चीप टैगिंग, दौड़ टाइमिंग आदि की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। यह सारी व्यवस्था वरीय पदाधिकारियों की देखरेख में की गई।

पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा की तैयारी: एसपी
पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह से कदाचार मुक्त, पारदर्शी और व्यवस्थित माहौल में कराई जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस कर्मी और कर्मचारी अपने कर्तव्य स्थल पर सतर्क रहेंगे।
ब्रीफिंग सत्र में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
इस सत्र में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा, अपर उपायुक्त प्रवीण केरकेट्टा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) पारस राणा, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला गृह रक्षक कमांडेंट, सार्जेंट मेजर सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

