Home » Chaibasa News : LPG कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, कई सिलेंडर किए गए जब्त

Chaibasa News : LPG कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, कई सिलेंडर किए गए जब्त

Jharkhand HIndi News : प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि घरेलू सिलेंडरों के अवैध भंडारण या दुरुपयोग की जानकारी हो तो वह तुरंत जिला प्रशासन या संबंधित थाने को सूचित करें

by Rajeshwar Pandey
Chaibasa News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : एक ओर जहां घरेलू गैस सिलेंडर (LPG) मिलने में समस्या से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर कालाबाजारी करनेवाले भी बाज नहीं आ रहे हैं। हालांकि गैस आपूर्ति में संभावित व्यवधान और कालाबाज़ारी पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध और व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।

मधु बाजार व बड़ी बाजार में की गई छापेमारी

चाईबासा के एसडीओ ने मधु बाजार और बड़ी बाजार में छापेमारी करते हुए बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो के नेतृत्व में चाईबासा अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार जिला पुलिस के साथ दो व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अचानक छापा मारा गया। जांच में पाया गया कि इन दुकानों पर घरेलू LPG सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छोटे सिलेंडरों में रीफिलिंग का चल रहा था धंधा

जांच में पता चला है कि ये आरोपी बड़े सिलेंडर लेकर छोटे सिलेंडरों में रीफिलिंग करते थे। रीफिलिंग के बाद छोटे सिलेंडरों को ज्यादा दाम में बेच रहे थे। प्रशासन को यह भी सूचना है कि यह सभी एक घरेलू 14 किलो वाले LPG सिलेंडर को भी ऊंची कीमत पर बेचते थे। प्रशासन ने उनके पास से रीफिंलिंग में काम आनेवाले सामान को भी जब्त किया है।

कहां से लिए गए सिलेंडर, चल रही जांच

प्रशासन के अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि उनके पास इतनी बड़ी संख्या में में गैस सिलेंडर कैसे पहुंचे। अब पूरी जांच के बाद ही पूरे मामले से पर्दा उठेगा। फिलहाल जांच-पड़ताल चल रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

उपायुक्त ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश

पिछले दिनों एक बैठक करके उपयुक्त चंदन कुमार ने घरेलू गैस का दुरुपयोग करने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। एसडीओ संदीप अनुराग टोपनो ने कहा कि ऐसी छापेमारियां लगातार जारी रहेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग न करें। घरेलू सिलेंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही होते हैं।

प्रशासन ने कहा, दुरुपयोग या कालाबाजारी की दें सूचना

प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि यदि किसी को घरेलू सिलेंडरों के अवैध भंडारण या दुरुपयोग की जानकारी हो तो वह तुरंत जिला प्रशासन या संबंधित थाने को सूचित करें। वर्तमान में देश में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर दबाव है। कुछ असामाजिक तत्व घरेलू सिलेंडरों को सस्ते दाम पर खरीदकर होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे उद्योगों में महंगे दाम पर बेच रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलने में दिक्कत हो रही है। जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को भी निर्देश दिए हैं कि वे घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी पर विशेष नजर रखें और संदिग्ध मामलों की तुरंत रिपोर्ट करें।

Read Also- Jamshedpur Crime : बागबेड़ा में एक घर से कीमती सामान पार कर ले गए चोर, सरायकेला में डैम में डूबा व्यक्ति; पढ़ें क्राइम की सारी खबरें

Related Articles

Leave a Comment