Home » डेरवां जंगल से अज्ञात लाश बरामद, लकड़ी और रस्सी से बंधे मिले हाथ, हत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच

डेरवां जंगल से अज्ञात लाश बरामद, लकड़ी और रस्सी से बंधे मिले हाथ, हत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच

गोइलकेरा-मनोहरपुर सड़क मार्ग के नजदीक डेरवां जंगल में ग्रामीणों को तेज दुर्गंध आने के बाद जांच-पड़ताल करने से एक संदिग्ध हालत में पड़े शव पर नजर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में गोइलकेरा थाना अंतर्गत डेरवां जंगल क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद किया गया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार, गोइलकेरा-मनोहरपुर सड़क मार्ग के नजदीक डेरवां जंगल में ग्रामीणों को तेज दुर्गंध आने के बाद जांच-पड़ताल करने से एक संदिग्ध हालत में पड़े शव पर नजर पड़ी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया जो तथ्य सामने आए हैं, वे इस मामले को और भी रहस्यमय बना रहे हैं। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है, यहां तक कि शरीर में मांस कम और हड्डियां साफ नजर आ रही थीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मृतक के दोनों हाथ पीछे की ओर एक लकड़ी से बंधे हुए पाए गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति को पहले बांधकर बेरहमी से पीटा गया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर स्थित अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच भी कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट के आधार पर मृतक के परिजनों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी, जिससे पूरे मामले का खुलासा हो सके।गौरतलब है कि यह इलाका नक्सल प्रभावित रहा है, ऐसे में कुछ लोग इस घटना को नक्सली गतिविधियों से जोड़कर भी देख रहे हैं।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी एंगल को खारिज नहीं किया है और हर पहलू से जांच जारी है। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की पहचान करना है। जब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो जाती, तब तक यह रहस्य बरकरार रहेगा कि आखिर वह कौन था, कहां से आया था और किन परिस्थितियों में उसकी इतनी निर्मम हत्या की गई। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Comment