Chaibasa: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बड़ाजामदा रेलवे फाटक के समीप गुरुवार शाम एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। बड़बिल से लौह अयस्क लेकर जा रही एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना शाम करीब सात बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालगाड़ी की रफ्तार तेज थी, इसी दौरान अचानक जोरदार झटका लगा और तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा इतना तीव्र था कि रेलवे लाइन के किनारे लगा 33 हजार वोल्ट का बिजली का खंभा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया और मौके पर राहत व जांच टीम भेजी गई। चक्रधरपुर रेल मंडल से दुर्घटना राहत ट्रेन (एआरटी) को भी तुरंत रवाना किया गया।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक मालगाड़ी बेपटरी हुई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल, घटना के बाद अप और डाउन दोनों लाइन पर रेल परिचालन पूरी तरह ठप है। रेलवे अधिकारी मामले की जांच में जुटे हुए हैं और जल्द से जल्द ट्रैक बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

