
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर रेल मंडल के मैकेनिकल विभाग में ग्रेड-1 के पद पर तैनात रेलकर्मी ए काली राव का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे रेलवे ऑफिसर क्लब में इंचार्ज के पद पर भी कार्यरत थे। उनके निधन से रेलवे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात रोज की तरह ए काली राव अपने परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गए थे। शनिवार सुबह 5 बजे उनकी पत्नी ने उन्हें जगाने की कोशिश की तो वे नहीं उठे। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने तुरंत उन्हें चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे काली राव
ए काली राव चक्रधरपुर रेलवे की लोको कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही उनके साथी कर्मचारी और आसपास के लोग रेलवे अस्पताल पहुंचे। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया। बताया जाता है कि काली राव अपने मिलनसार स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। रेलवे में लंबे समय तक सेवा देने के कारण उनका सभी कर्मचारियों से अच्छा संबंध था। उनके अचानक निधन से रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दु:ख है।
रेलवे कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की
शनिवार को रेलवे ऑफिसर क्लब और मैकेनिकल विभाग में उनके निधन पर शोक व्यक्त किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

