
चाईबासा : अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश जागरूकता दिवस- 2026 के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल-चाईबासा में सर्पदंश से बचाव, प्राथमिक उपचार एवं समय पर चिकित्सकीय उपचार के महत्व के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से सर्पदंश जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। उक्त रैली को सिविल सर्जन डॉ. मीना कल्णुडिया, डीएमओ-सह-नोडल पदाधिकारी, एसबीपीसीपी डॉ. जगन्नाथ हेम्ब्रम तथा डीएलओ डॉ. मीनू कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

हानिकारक एवं अवैज्ञानिक पारंपरिक उपचार पद्धतियों से बचने की सलाह
इस जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को सर्पदंश की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल आवश्यक प्राथमिक सावधानी बरतने और बिना विलंब निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही, सर्पदंश से संबंधित हानिकारक एवं अवैज्ञानिक पारंपरिक उपचार पद्धतियों से बचने का संदेश भी दिया गया। बड़ी संख्या में इस जागरूकता रैली में लोग शामिल हुए।

प्रतिभागियों ने ली सर्पदंश जागरूकता शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने सर्पदंश जागरूकता शपथ ली। शपथ के माध्यम से सर्पदंश से बचाव के उपायों की जानकारी समुदाय तक पहुंचाने, हानिकारक पारंपरिक उपचार से बचने, समय पर चिकित्सकीय उपचार को बढ़ावा देने तथा सर्पदंश की स्थिति में पीड़ित को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाने के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सर्पदंश की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय उपचार जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समुदाय में सही जानकारी और जागरूकता के प्रसार से सर्पदंश से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं एवं मृत्यु के जोखिम को कम किया जा सकता है।

