
कोडरमा: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। झुमरीतिलैया के तिलैया थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह घटना शुक्रवार की रात करीब साढ़े सात बजे देवो मंडप रोड पर घटी।
भक्तिमय माहौल के बीच हुए इस अचानक हमले में लाठी-डंडे और धारदार हथियार चाकू चले, जिसमें चार किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। तिलैया थाना पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गहन छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
अचानक हमले से मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात जब लोग गणपति बप्पा की प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाल रहे थे, तभी अचानक कुछ युवकों ने हमला बोल दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने डंडों से पिटाई के साथ-साथ चाकू से भी वार करना शुरू कर दिया। हमले में सचिन कुमार के सिर पर गंभीर चोट आई है, जबकि छोटू, सूर्या और राहुल को लाठी-डंडों और चाकूबाजी में चोटें लगी हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस तक पहुंचा मामला, 5नामजद आरोपियों पर शिकंजा
वारदात के बाद घायल सचिन कुमार पिता- राजेश यादव ने तिलैया पुलिस स्टेशन में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस को दी गई शिकायत में पांच स्थानीय युवकों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें रघु चौधरी पिता- अनिल चौधरी, निवासी- देवी मंडप रोड,रोहित राजपूत निवासी- नरेश नगर,सूर्या चंद्रवंशी,अंकित चंद्रवंशी एवं राहुल निवासी- पुराना गैस गोदाम गली शामिल हैं।

