
हजारीबाग :जिले के केरेडारी क्षेत्र में सीसीएल की चंद्रगुप्त कोल परियोजना में खूब हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। मामले को ले सीसीएल परियोजना में माहौल पूरा गरम रहा।
एक स्थानीय युवक ने रोजगार की मांग को ले आवाज बुलंद करने के लिए ऊंचे टावर पर चढ़ गया। सुशी इन्फ्रा माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में घटी इस घटना से प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के हाथ-पांव फूलने लगे।
पहरा गांव निवासी युवक राहुल कुमार ने काफी गुस्से में यह कदम उठाया। महीनों तक कंपनी कार्यालय का चक्कर लगाने एवं अधिकारियों के झूठे आश्वासन से वह तंग आ चुका था। राहुल का आरोप है कि उसने छह महीने पहले कंपनी का ट्रायल पास कर लिया था। लेकिन आश्वासनों के अलावा हाथ कुछ नहीं आया। थक-हारकर उसने अपनी नाराजगी जाहिर करने और आत्महत्या की चेतावनी देने का यह खतरनाक रास्ता चुना।
हाथ से लिखे एक पत्र में राहुल ने कंपनी के जीएम आर.एस. यादव पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उसकी इस हरकत ने एक बार फिर कोलियरियों में स्थानीय युवाओं के हक और रोजगार के सुलगते मुद्दे को सतह पर ला दिया है। जब तक वह टावर पर चढ़कर धमकी देता रहा, लोगों की सांसें अटकी रहीं। उस समय सभी लोगों की प्राथमिकता राहुल को सुरक्षित नीचे उतारने की थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई कि बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाए और इस मामले का स्थायी समाधान निकाला जाए। काफी मान-मनौवल के बाद मामला शांत हुआ।
Read Also: Jharkhand News: झारखंड की सड़कों पर नहीं नजर आएंगी पुरानी सरकारी गाड़ियां, परिवहन विभाग ने बनाया प्लान

