
रांची : झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बेहद राहत और खुशी भरी खबर है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित टेस्ट मैच को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रहीं तमाम अटकलों और अफवाहों पर अब पूरी तरह से विराम लग गया है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) दोनों ने ही साफ कर दिया है कि यह ऐतिहासिक मुकाबला रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में ही खेला जाएगा।
ऐसे शुरू हुआ भ्रम और अफवाहों का बाजार
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से खेल गलियारों में यह चर्चा तेजी से फैल रही थी कि फरवरी के महीने में रांची में शाम को जल्दी अंधेरा हो जाता है। दावा किया जा रहा था कि कम रोशनी के कारण दिन के तय 90 ओवर पूरे कराने में दिक्कत आ सकती है, इसलिए बीसीसीआई इस मैच को किसी दूसरे शहर में शिफ्ट करने पर विचार कर रहा है। इन मीडिया रिपोर्टों ने स्थानीय प्रशंसकों को चिंता में डाल दिया था।
जेसीए सचिव सौरभ तिवारी ने स्पष्ट की स्थिति
जेएससीए के सचिव और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरभ तिवारी ने स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मैच के वेन्यू में बदलाव को लेकर बोर्ड की तरफ से कोई भी आधिकारिक पत्र या सूचना नहीं मिली है। तिवारी ने बताया कि हाल ही में हुई जेएससीए की वार्षिक आम बैठक में भी इस विषय पर कोई बात नहीं हुई थी। अगर ऐसा कोई फैसला होता, तो प्रशासनिक स्तर पर इसकी जानकारी सबसे पहले सचिव के पास आती।
वीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी लगाई मुहर
जेएससीए के बाद बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया। सैकिया ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच की मेजबानी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। उन्होंने बताया कि मैच का आयोजन रांची से हटाने को लेकर किसी भी तरफ से कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है। शेड्यूल के मुताबिक मुकाबला तय समय पर 19 से 23 फरवरी 2027 के बीच खेला जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण सुबह 9:30 बजे से होगा।
10 साल का लंबा इंतजार होगा खत्म
यह मुकाबला रांची के फैंस के लिए बेहद खास होने वाला है। इससे पहले साल 2017 में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें रांची के मैदान पर टेस्ट में भिड़ी थीं, जो मैच ड्रॉ रहा था। अब ठीक 10 साल बाद यानी 2027 में दोनों दिग्गजों की टक्कर एक बार फिर इसी मैदान पर देखने को मिलेगी। इस स्पष्टीकरण के बाद अब रांची के क्रिकेट प्रेमी बेफिक्र होकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के इस धमाकेदार मुकाबले का इंतजार कर सकते हैं।
भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज का पूरा शेड्यूल
पहला टेस्ट: 21 से 25 जनवरी 2027 (नागपुर)
दूसरा टेस्ट: 29 जनवरी से 2 फरवरी 2027 (चेन्नई)
तीसरा टेस्ट: 11 से 15 फरवरी 2027 (गुवाहाटी)
चौथा टेस्ट: 19 से 23 फरवरी 2027 (रांची)
पांचवां टेस्ट: 27 फरवरी से 3 मार्च 2027 (अहमदाबाद)

