Jamshedpur : चाकुलिया नगर पंचायत में आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के मकसद से उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। चाकुलिया के प्रखंड सभागार में आयोजित मीटिंग में उन्होंने चुनाव से जुड़े सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारी पूरी करने और अपने दायित्वों के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया।

मीटिंग के दौरान बीएलओ को घर-घर जाकर मतदाता पर्ची का वितरण सुनिश्चित करने, छूटे हुए मतदाताओं तक पहुंचने और विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन करने पर भी जोर दिया गया।
मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाओं की ली जाएगी जानकारी
उपायुक्त ने सेक्टर मजिस्ट्रेट से प्रत्येक मतदान केंद्र पर उपलब्ध न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प, बैठने की व्यवस्था, छाया, संकेतक बोर्ड, हेल्प डेस्क और सुरक्षा व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। दिव्यांग और वृद्ध मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इन मतदान केंद्रों का लिया गया जायजा
बैठक के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) ने चाकुलिया नगर पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केएनजे हाई स्कूल, सुगनीबासा स्थित बूथ संख्या 10/1 एवं 10/2, आनंद मार्ग के पूर्वी एवं पश्चिमी भाग में स्थित बूथ संख्या 11/1 एवं 11/2 तथा मनोहरलाल उच्च विद्यालय स्थित बूथ संख्या 5/1 का जायजा लिया गया। इस दौरान मतदान कक्ष, प्रवेश और निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, मतदाताओं की आवाजाही, पेयजल, शौचालय, रैम्प, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जांच की गई।
उपायुक्त ने समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए शेष कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए सभी अधिकारी निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी घाटशिला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला, सभी निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी, चाकुलिया नगर पंचायत के विशेष पदाधिकारी, थाना प्रभारी चाकुलिया, बीएलओ सुपरवाइजर, सभी बीएलओ, सेक्टर पदाधिकारी सहित निर्वाचन कार्य में लगे प्रखंड, अंचल और नगर निकाय के कर्मी उपस्थित थे।

