Home » CBSE स्कूलों में होगी कंपोजिट स्किल लैब की स्थापना, प्राचार्यों को निर्देश

CBSE स्कूलों में होगी कंपोजिट स्किल लैब की स्थापना, प्राचार्यों को निर्देश

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

छात्रों में उद्यमिता व कौशल विकास विकास की दिशा में सीबीएसई की पहल

जमशेदपुरComposite Skill Lab : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 और राष्ट्रीय पाठ्यक्रम फ्रेमवर्क (एनसीएफ-एसई) के तहत छठी से 10वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष बल दिया है।

इसमें पारंपरिक शैक्षणिक विषयों के साथ ही व्यावहारिक कौशल की भी अनिवार्यता बतायी गयी है। सीबीएसई की ओर से बताया इसे लेकर सीबीएसई गवर्निंग बॉडी की 139वीं बैठक में चर्चा की गयी थी।

बैठक में सभी संबद्ध स्कूलों को ‘कॉम्पोजिट स्किल लैब’ स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। इस लैब में सभी आवश्यक उपकरण और मशीनरी होनी चाहिए, ताकि एनईपी और एनसीएफ-एसई की सिफारिशों को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।

माना जा रहा है कि ‘कॉम्पोज़िट स्किल लैब’ स्थापित करने से उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप छात्र-छात्राओं को व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने में मदद मिलेगी।

विभिन्न व्यापारों और व्यवसायों में छात्र-छात्राओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी। पारंपरिक विकल्पों से हट कर विविध करियर का पता लगाने में सक्षम होंगे और छात्र-छात्राओं में उद्यमिता की भावना विकसित होगी।

सीबीएसई की ओर से स्कूलों को सलाह दी गयी है कि छठी से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए 600 वर्ग फुट क्षेत्र में एक कॉम्पोज़िट स्किल लैब स्थापित किया जाये।

यदि ऐसा नहीं हो पाता है, तो दो अलग-अलग लैब 400 वर्ग फुट क्षेत्र में स्थापित किया जाये, जिसमें से एक छठी से 10वीं औऱ दूसरा लैब 11वीं व 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए हो।

सीबीएसई की ओर से कहा गया है कि जो स्कूल पहले से कौशल विषयों की पेशकश कर रहे हैं, उन्हें छात्रों को अधिक विकल्प देने के लिए और अधिक कौशल विषयों की पेशकश करने की सलाह दी गयी है।

वहीं, जो स्कूल अभी तक कोई कौशल विषय नहीं पढ़ा रहे हैं, उन्हें कम से कम एक कौशल विषय पाठ्यक्रम में शामिल करने को कहा गया है।

सीबीएसई की ओर से बताया गया है कि इन लैब्स की स्थापना से संबंधित विस्तृत जानकारी और विभिन्न कौशल विषयों को पढ़ाने के लिए आवश्यक सामग्री सीबीएसई की वेबसाइट पर शीघ्र ही उपलब्ध कराई जाएगी।

Composite Skill Lab : क्या है आवश्यक

– सीबीएसई से नई संबद्धता के लिए : नए स्कूलों के लिए एक कॉम्पोजिट स्किल लैब का स्थापित करना अनिवार्य है।

– पहले से संबद्ध स्कूलों के लिए : इन स्कूलों को इस परिपत्र की तारीख से तीन साल के भीतर यह लैब स्थापित करना होगा।

Related Articles