Jamshedpur : दलमा वन्य जीव अभयारण्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग ने पांच नई जंगल सफारी उपलब्ध कराई है। इन पांच नई जंगल सफारी को शनिवार को पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सभी सफारी में आसपास के स्कूलों के छात्रों को बैठाकर दलमा की सैर कराई गई। इसके अलावा वन विभाग ने 30 कॉटेज की भी सौगात दी है। इन कॉटेज निर्माण पर करोड़ों रुपए खर्च होंगे।
2800 रुपए है एक सफारी का किराया
गौरतलब है कि दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी में पहले से चार जंगल सफारी मौजूद थीं। अब पांच नई जंगल सफारी मिल जाने से यहां नौ जंगल सफारी हो गई हैं। इन जंगल सफारी में पर्यटकों को बैठा कर दलमा की सैर कराई जाती है। एक जंगल सफारी में 10 लोगों के बैठने की जगह है। इस तरह अब एक साथ 90 पर्यटक दलमा की सैर कर सकेंगे। एक जंगल सफारी का किराया 2800 रुपए रखा गया है।
लगातार बढ़ रही है पर्यटकों की संख्या
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि इस जंगल सफारी से दलमा के कोने-कोने की सैर पर्यटकों को कराई जाती है और सभी वन्य जीव उन्हें दिखाए जाते हैं। डीएफओ ने बताया कि दलमा में कई प्रकार के वन्य जीव मौजूद हैं। यहां हाथी भी हैं। इन्हें देखने के लिए पर्यटक दूर-दूर से आते हैं। उन्होंने बताया कि पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
पर्यटन मंत्री क्या बोले
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि पर्यटन विभाग दलमा के मकुलाकोचा में पर्यटकों के लिए 15 कॉटेज का निर्माण कराने जा रहा है। इसके अलावा, पिंडराबेड़ा गांव के पास 15 कॉटेज भी बनाए जाएंगे। इन कॉटेज में पर्यटकों के ठहरने की सभी सुविधाएं मुहैया रहेंगी।
बनाए जाएंगे दो मंजिला तिकोना कॉटेज
डीएफओ ने बनाया बताया कि यहां जो कॉटेज बनाए जाएंगे वह तिकोना कॉटेज होंगे। सैलानियों को कम दाम में ठहरने के लिए कॉटेज दिए जाएंगे। कॉटेज में सबसे नीचे पैंट्री, बैठक व सभागार होगा और दूसरे तल्ले पर बेडरूम होगा। जहां पर्यटक रात को आराम कर सकेंगे।
Read Also- Jamshedpur Fire : बिरसानगर में टेंट हाउस में शार्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

