Ranchi : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित हटिया डैम में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने पानी में एक युवती का शव तैरता देखा। ग्रामीणों ने फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद नगड़ी थाना की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को डैम से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान घटनास्थल से एक बैग भी बरामद हुआ। बैग में मिले आधार कार्ड के आधार पर युवती की पहचान रिया कुमारी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि वह हटिया की रहने वाली थी और उसके पिता का नाम रविन्द्र प्रसाद है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
Read Also: Ranchi News : पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या, अब आरोपी पति ने खत्म की अपनी जिंदगी

