नई दिल्ली : शाहदरा जिले की साइबर पुलिस ने डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को फंसाने और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करने वाले सेक्सटॉर्शन रैकेट का भंडाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड सहित चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर 7 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में अरमान खान (21), आसिद खान (37), श्याम सिंह (21) और मंगल सिंह (31) के रूप में हुई है।
आरोपियों ने दिल्ली के एक व्यक्ति से 35,000 रुपये की उगाही की थी। 12 जून को भगवानपुर खेड़ा निवासी अंकित ने एफआईआर दर्ज कराई थी और बताया था कि आरोपियों ने पहले क्वाक क्वाक ऐप के जरिए उनसे संपर्क किया। फिर और व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर अश्लील वीडियो चलाकर उन्हें नग्न होने के लिए उकसाया। उनकी वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर 35,000 रुपये ऐंठ लिए।
टीम ने कार्रवाई करते हुए तकनीकी निगरानी और मनी ट्रेल से मिली जानकारी पर दिल्ली से मंगल और श्याम को गिरफ्तार किया और उन्हीं की निशानदेही पर मास्टरमाइंड अरमान और आसिद को मेवात से पकड़ लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को फंसाते और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ब्लैकमेल करते थे। बरामद मोबाइल फोनों में अश्लील वीडियो और पेमेंट स्कैनर मिले। पुलिस यह जांच कर रही है कि अबतक ये लोग कितनों को शिकार बना चुके हैं।

