DHANBAD: धनबाद जिले के तोपचांची प्रखंड स्थित नेरो पंचायत में उपायुक्त आदित्य रंजन ने जमीनी हकीकत जानने के लिए विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संध्या चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी भी मौजूद रहे। चौपाल में गड़ीडीह, रंगरंगी, निमडीह, अमराडीह और मदनपुर समेत कई गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे। ग्रामीणों ने अलग-अलग स्थानों पर उपायुक्त का स्वागत किया और पूरे उत्साह के साथ पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कराया। अपने संबोधन में उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि गांवों के समग्र विकास के लिए सामूहिक भागीदारी बेहद जरूरी है।
उन्होंने जल संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत बागवानी को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही पशुपालन और मत्स्य पालन को ग्रामीणों के लिए मजबूत आजीविका का साधन बताया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक वास्तविक रूप से पहुंचे।
उन्होंने कुछ गांवों को मॉडल गांव के रूप में विकसित करने की योजना का भी जिक्र किया ताकि अन्य पंचायतें उनसे प्रेरणा ले सकें। साथ ही स्पष्ट किया कि नेरो पंचायत के किसी भी टोले को गोद नहीं लिया गया है बल्कि क्षेत्र की प्रगति और आवश्यकताओं का आकलन करने के लिए यह दौरा किया गया। जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर उन्होंने कहा कि जल्द ही विधायक, मुखिया और अन्य प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

