RANCHI: राजधानी रांची में एक युवती ने अपने बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप लगाते हुए कांके थाना में लिखित शिकायत दी है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके बॉयफ्रेंड ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। अब पीड़िता ने अपने बॉयफ्रेंड पर धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही उसके बॉयफ्रेंड ने ये भी कहा है कि जहां शिकायत करना है कर लो कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा।
क्या है शिकायत में
शिकायत के अनुसार आरोपी ने युवती को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार उससे पैसे की मांग करता रहा और इनकार करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी अपने परिजनों, खासकर अपने मामा के नाम पर उसे धमकाता है और कहता है कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई है और खुदकुशी तक के लिए मजबूर महसूस कर रही है। पीड़िता ने कांके थाना प्रभारी से आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सुरक्षा की भी गुहार लगाई है।

