Jamshedpur : जब महादेव का बुलावा आता है, तो हर राह खुद-ब-खुद आसान लगने लगती है। इसी अटूट विश्वास और श्रद्धा के साथ जमशेदपुर के राहरगोड़ा निवासी युवा राइडर आशीष झा अपने साथी विष्णु शर्मा के साथ देश के 12 ज्योतिर्लिंगों की 50 दिवसीय यात्रा पर निकल पड़े हैं। रविवार को उनके प्रस्थान के दौरान परिवार, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें तिलक लगाकर और माला पहनाकर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यह आध्यात्मिक और साहसिक यात्रा करीब 12 हजार किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें दोनों राइडर देश के विभिन्न राज्यों में स्थित भगवान शिव के पवित्र धामों के दर्शन करेंगे। आशीष का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ एक एडवेंचर नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धार्मिक पर्यटन और युवाओं में साहसिक जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास है।
देवघर से शुरू होकर केदारनाथ में होगा समापन
इस यात्रा की शुरुआत झारखंड के देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम से जलाभिषेक के साथ होगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ, मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर, महाराष्ट्र के भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर, आंध्र प्रदेश के मल्लिकार्जुन, तमिलनाडु के रामेश्वरम, गुजरात के सोमनाथ और नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए जाएंगे। अंत में उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में जलाभिषेक के साथ इस यात्रा का समापन होगा।संस्कृति और एकता का संदेशआशीष झा ने बताया कि इस यात्रा के जरिए वे भारत की भौगोलिक विविधता और सांस्कृतिक एकता को करीब से महसूस करना चाहते हैं। उनका उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ना और धार्मिक पर्यटन के प्रति जागरूक करना है। उनके इस साहसिक कदम की जमशेदपुर समेत पूरे राहरगोड़ा क्षेत्र में सराहना हो रही है।

