
Jamshedpur : शहर के जुबली पार्क रोड पर सोमवार को हिट एंड रन का एक मामला सामने आया। तेज रफ्तार बाइक सवार ने स्कूटी चला रही एक युवती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई।
घायल युवती की पहचान कदमा निवासी है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता का परिचय देते हुए राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही एसआरटी टीम मौके पर पहुंची और घायल युवती को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक काफी तेज गति से आ रही थी। टक्कर मारने के बाद चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए जुबली पार्क रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बाइक चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में बढ़ रही हिट एंड रन और तेज रफ्तार वाहन चलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Murder: बिष्टुपुर में डबल डाउन पब एंड बार के बाहर हुई चाकूबाजी में घायल हिमांशु की टीएमएच में मौत

