
Ranchi : झारखंड की महिला हॉकी ने एक बार फिर देशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। राजधानी रांची स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बरियातू हॉकी सेंटर की तीन होनहार खिलाड़ी बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। अब ये तीनों खिलाड़ी 5 से 14 जुलाई तक इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस अंतरराष्ट्रीय दौरे के दौरान भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम कुल सात मुकाबले खेलेगी। यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का यह दौरा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने और अपने खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
बरियातू हॉकी सेंटर लंबे समय से झारखंड में महिला हॉकी की प्रतिभाओं को तराशने का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर कई खिलाड़ी पहले भी भारतीय टीम का हिस्सा बन चुकी हैं। एक साथ तीन खिलाड़ियों का राष्ट्रीय टीम में चयन सेंटर की उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था, प्रशिक्षकों की मेहनत और खिलाड़ियों के समर्पण का परिणाम माना जा रहा है।
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बरियातू हॉकी सेंटर लगातार भारतीय टीम को प्रतिभाशाली खिलाड़ी दे रहा है, जो झारखंड में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं के विकास का प्रमाण है।
उन्होंने विश्वास जताया कि बिनीमा धान, पार्वती टोप्पो और रोशनी आइंद अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश का नाम भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगी। उनके चयन से राज्य की युवा महिला खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और झारखंड में महिला हॉकी को और मजबूती मिलेगी।

