
हजारीबाग : हजारीबाग शहर में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने जमकर कहर बरपाया। मिशन अस्पताल के समीप बेकाबू हुई कार ने सड़क किनारे मौजूद कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार बिजली के पोल और चापाकल से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में छह लोग घायल हो गए हैं। वहीं, कार चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
स्थानीयों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
चालक भी गंभीर रूप से घायल
हादसे में कार चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसे भी अन्य घायलों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल पुलिस घायलों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति से संबंधित जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
अस्पताल पहुंचे भाजपा सांसद के प्रतिनिधि
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद भाजपा सांसद मनीष जायसवाल के मीडिया प्रभारी रंजन चौधरी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और राहत कार्य में सहयोग किया। रंजन चौधरी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना और तेज गति से ड्राइविंग करना सड़क हादसों की बड़ी वजह बन रहा है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार ओपी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह क्या थी और क्या चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

