
Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह मेडिकल बस्ती में रविवार शाम फुटबॉल मैच के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। बाद में बिष्टुपुर थाने में भी हंगामा हुआ। हालांकि, पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
बताते हैं कि खेल के दौरान शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस की कार्रवाई से मामला मौके पर ही शांत हो गया।
इसके बाद रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों के लोग बिष्टुपुर थाना पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक बहस हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया।
पुलिस की पहल रंग लाई और दोनों पक्ष आपसी सहमति से समझौते के लिए तैयार हो गए। पुलिस के अनुसार, किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। दोनों पक्षों ने विवाद को समाप्त करने पर सहमति जताई, जिसके बाद सभी लोग शांतिपूर्वक अपने-अपने घर लौट गए।
पुलिस ने लोगों से खेल प्रतियोगिताओं के दौरान संयम बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

