
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुदड़ी थाना में पदस्थापित एएसआई मनोज कुमार बोदरा का सोमवार सुबह हृदय गति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में हो गया निधन
जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के एएसआई मनोज बोदरा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने तत्काल गुदड़ी थाना प्रभारी सुदर्शन मिंज को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी ने बिना देर किए वाहन से उन्हें सोनुवा स्थित उप प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की मौजूदगी में कराया गया पोस्टमार्टम
घटना की जानकारी वरीय पुलिस पदाधिकारियों और परिजनों को दी गई। इसके बाद शव को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर को जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
पार्थिव शरीर को पूरे विभागीय सम्मान के साथ पहुंचाया जाएगा पैतृक गांव
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एएसआई मनोज कुमार बोदरा के पार्थिव शरीर को पूरे विभागीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पहुंचाया जाएगा। एएसआई मनोज कुमार बोदरा मूल रूप से सोनुवा थाना क्षेत्र के मदंगजाहिर गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी मंजू बोदरा अपने एक पुत्र, एक पुत्री और जिला पुलिस लाइन में तैनात छोटे भाई संग्राम सिंह बोदरा के साथ अनुमंडल अस्पताल पहुंच गईं।
इस संबंध में पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेनू ने कहा कि एएसआई की अचानक हुई मौत से पुलिस विभाग बेहद दुखी है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस विभाग ने दिवंगत एएसआई के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Read Also- Hazaribagh Road Accident : एक झटके में मच गई तबाही, बेकाबू कार की चपेट में आए छह लोग

