Dhanbad : झारखंड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। झरिया–सिंदरी मुख्य मार्ग पर स्थित बस्ताकोला इलाके में एक प्लाई गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठ रहे घने धुएं और गुबार के कारण आसपास का इलाका धुंधला हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड को खबर दी गई, जिसके बाद दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि इस हादसे में गोदाम से जुड़े राजू अग्रवाल समेत तीन लोग झुलस गए हैं। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। आग की चपेट में एक मवेशी भी झुलस गया, जबकि बाकी मवेशियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार गोदाम सुबलमल अग्रवाल का है, जिसे उनके बेटे ओमप्रकाश अग्रवाल द्वारा किराए पर दिया जाता है। घटना को लेकर पूर्व मुखिया रामबालक प्रसाद ने बताया कि आग लगने की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि घरेलू गैस सिलेंडर फटने के कारण आग लगी और देखते ही देखते पूरे गोदाम में फैल गई। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं।
Read Also: Dhanbad Medical College : मेडिकल कॉलेज में मरीजों को जल्द मिलेगी MRI और CT Scan सेवा

