Dhanbad : झारखंड में धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र स्थित बरमसिया फुटबॉल मैदान में होली के जश्न के दौरान अचानक गोलियां चलने से इलाके में हड़कंप मच गया। डीजे बजाने और पैसों के विवाद को लेकर शुरू हुआ झगड़ा देखते ही देखते हिंसक हो गया। फायरिंग की इस घटना से दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों में पुष्पक मिश्रा और विष्णु कुमार हैं। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी है। जबकि, पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बरमसिया त्रिमूर्ति सदन के पास के रहने वाले घायल विष्णु कुमार ने बताया कि वह ठेकेदार विकास लाला के पास पेटी कॉन्ट्रेक्टर के रूप में काम करते थे। गोधरा में अस्पताल निर्माण कार्य के दौरान करीब ढाई लाख रुपये बकाया थे। होली के मौके पर पैसे की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कुछ ही देर में हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान विकास लाला ने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर दी।
वहीं घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि बरमसिया फुटबॉल मैदान में होली का कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी दौरान पहले कहासुनी और मारपीट हुई। इसके बाद अचानक गोलियां चलने लगीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास लाला ने ही गोली चलाई। पुष्पक मिश्रा ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर पढ़ाई करते हैं और अपने दादा की तेरहवीं में शामिल होने के लिए बरमसिया आए हुए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

