Dhanbad : झरिया क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत ने मंगलवार को बड़ा रूप ले लिया। बस्ताकोला स्थित इंडियन गैस एजेंसी में सुबह से ही ग्राहकों की लंबी कतार लगी रही। लोग घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। लेकिन जब एजेंसी कर्मियों ने यह कह दिया कि गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं है और अगले दिन आने को कहा तो ग्राहकों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने विरोध जताते हुए झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग बस्ताकोला को जाम कर दिया।
सड़क जाम होते ही दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और आवाजाही प्रभावित हो गई। प्रदर्शन कर रहे ग्राहकों का आरोप था कि एजेंसी में अव्यवस्था का आलम है। उन्होंने कहा कि सोमवार को एजेंसी बंद होने के बाद भी कुछ लोगों को गैस सिलेंडर का वितरण किया गया। जबकि आम ग्राहकों को मंगलवार को सिलेंडर खत्म होने की बात कहकर लौटा दिया गया। इससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
उनका कहना था कि एजेंसी द्वारा पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और कुछ खास लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही झरिया पुलिस मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात को फिर से सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिले। गैस एजेंसी के प्रबंधक रंजीत कुमार ने कहा कि सुबह गैस सिलेंडर की गाड़ी नहीं आई है। रास्ते में है गाड़ी आते की ग्राहकों को गैस सिलेंडर दिया जाएगा।
Read Also- RANCHI RAIL NEWS : हटिया-दुर्ग स्पेशल ट्रेन को किया गया रेगुलर, बदल गया नंबर

