Dhanbad : कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के एक शूटर के साथ रविवार की शाम पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें शूटर को गोली लगी है, जबकि सबइंस्पेक्टर भी जख्मी हुए हैं। वहीं मौके से एक अपराधी फरार हो गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग रेंज क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च आपरेशन शुरू कर दिया। पुलिस की टीम को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां दागीं।
बदमाशों ने बम भी फोड़े
इस दौरान अपराधियों ने दो बम भी फोड़े। दोनों तरफ से हो रही गोलीबारी में सुदीप उर्फ सुधीर ओझा नामक शूटर को गोली लगी, जबकि दूसरा अपराधी मौके से फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान गोविंदपुर थाने के सब इंस्पेक्टर बालमुकुंद सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए।
आरा जिले का रहने वाला है शूटर
पुलिस ने मौके से एक जिंदा बम बरामद किया है। इसे डिफ्यूज करने वाली टीम रांची से धनबाद के लिए रवाना हो गई है। दोनों जख्मियों को असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक शूटर बिहार के आरा जिले के शाहपुर स्थित गजरा का रहने वाला है। वह धनबाद में ग्रीन फील्ड अपार्टमेंट में रहता है।
Read Also: Dhanbad Fire : झरिया में प्लाई गोदाम में भीषण आग, तीन लोग झुलसे

