Dhanbad (Jharkhand) : धनबाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन डब्ल्यूआइएलईपी (Opretion WILEP) के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करते हुए आरपीएफ ने शुक्रवार तड़के योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस से जीवित कछुए बरामद किए हैं। कछुए ट्रेन के महिला कोच से बरामद किए गए। कछुओं की संख्या 78 है, जो जीवित बताए गए हैं। सभी कछुओं का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 7.8 लाख रुपये बताया जाता है। सभी इंडियन फ्लैपशेल प्रजाति के कछुए बताए जाते हैं।
महिला कोच से हुई बरामदगी
जानकारी के अनुसार धनबाद के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आरपीएफ की टास्क टीम तैनात की गई है। इस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दून एक्सप्रेस की महिला कोच में भारी मात्रा में वन्यजीवों की तस्करी की जा रही है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची और ट्रेन के आते ही महिला कोच में तलाशी शुरू कर दी।
सीट के नीचे कपड़े के थैले में मिले कछुए
तलाशी के क्रम में सीट के नीचे कपड़े के छह थैली मिले। टीम ने कोच में सवार महिला यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने नहीं बताया कि थैले किसके हैं। इसके बाद थैलों को खोला गया, तो जूट के बोरे में जीवित कछुए बरामद किए गए।
वन विभाग को सौंपे गए कछुए
आरपीएफ ने सभी कछुओं को जब्त कर जिले के वन विभाग को सौंप दिया। साथ ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह अभियान वन्यजीव तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

