Home » दिलजीत दोसांझ को हैदराबाद शो से पहले मिला तेलंगाना सरकार से नोटिस, जानिए पूरा मामला

दिलजीत दोसांझ को हैदराबाद शो से पहले मिला तेलंगाना सरकार से नोटिस, जानिए पूरा मामला

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हैदराबाद : मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। उनके लाइव कार्यक्रमों को लेकर जारी विवाद से तेलंगाना सरकार भी सतर्क है। शुक्रवार को हैदराबाद में उनका एक संगीत कार्यक्रम होना है।
इस पर कोई विवाद न हो जाए, इसलिए तेलंगाना सरकार ने पहले ही दिलजीत को एक नोटिस थमा दिया है, जिसमें उन्हें कुछ निर्देश दिए गए हैं। आइए पूरा मामला विस्तार से जानते हैं।

बच्चों को मंच पर बुलाने से मनाही

तेलंगाना सरकार ने दिलजीत, उनकी टीम और हैदराबाद के होटल नोवोटेल को नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बच्चों को मंच पर बुलाने से रोका गया है, ताकि उन्हें ज्यादा आवाज से बचाया जा सके, क्योंकि WHO के दिशा-निर्देशों के मुताबिक तेज आवाज उनके लिए हानिकारक है।

दरअसल, लाइव शो के दौरान शोर की आवृत्ति 122 DB से अधिक होती है, जो बच्चों की सुनने की शक्ति को बुरी तरह प्रभावित करती है।

इन गानों पर लगी रोक

तेलंगाना के जिला कल्याण अधिकारी की तरफ जारी नोटिस में दिलजीत के पुराने कॉन्सर्ट के वीडियो का सबूत पेश किया है, जहां शराब या ड्रग्स का प्रचार करते हुए उन्होंने अपने ‘पटियाला पेग’ और ‘पंज तारा’ जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं। दिलजीत ने दिल्ली के जवाहरलाल स्टेडियम में हुए दिल-लुमिनाटी कॉन्सर्ट में ये गाने गाए थे। उन्हें ऐसा कोई भी गाना न गाने की हिदायत दी गई है, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शराब या किसी नशे के सेवन को बढ़ावा देने वाला हो।

दिल्ली के स्टेडियम में फैलाई गई गंदगी के बाद ट्रोल हुए थे दिलजीत

दिलजीत दिल्ली कॉन्सर्ट से खूब ट्रोल हुए थे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में उनका कार्यक्रम खत्म होने के बाद स्टेडियम में प्रैक्टिस के लिए आए खिलाड़ी बेअंत सिंह ने वहां लगे कूड़े के ढेर और कोने-कोने में पड़ी शराब की बोतलों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहले ही निर्देश जारी कर चुका है कि लाइव शो के दौरान शराब, ड्रग्स और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाए जाने चाहिए।

नाराजगी किन बातों से

पिछले कई महीनों से दिलजीत के संगीत कार्यक्रमों पर विवाद गर्माया हुआ है। दिल-लुमिनाटी कॉन्सर्ट के लिए टिकट की कीमतों में हेराफेरी करने के आरोप में उन्हें उनकी एक महिला फैन ने कानूनी नोटिस भी भेजा था।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली की एक लॉ की छात्रा ने टिकट न खरीद पाने के बाद आरोप लगाया कि आयोजकों ने टिकट उपलब्धता में हेराफेरी की, जिसके कारण टिकट की कीमतों में भी हेराफेरी हुई और इसके दाम बढ़ा दिए गए।

दुनियाभर में लोकप्रिय हैं दिलजीत

बता दें कि दिलजीत पंजाबी फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता, डांसर और मशहूर गायक हैं। वह बॉलीवुड में भी सक्रिय हैं। अपनी बहुमुखी प्रतिभा के लिए उन्हें देशभर में पसंद किया जाता है। वह अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी कई दफा भारत का मान बढ़ा चुके हैं।

Read Also-Jamshedpur Firing : जमशेदपुर के परसुडीह में पड़ोसी ने घर में घुसकर मारी गोली, व्यक्ति की मौत

Related Articles