
Jamshedpur : मानगो के डिमना स्थित हिल व्यू कॉलोनी में पिछले 22 दिनों से जारी पेयजल संकट, फॉगिंग नहीं होने और नियमित कचरा उठाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी से नाराज क्षेत्रवासियों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
हिल व्यू कॉलोनी डिमना विकास समिति और जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरव विष्णु ने कहा कि कॉलोनी के लोग लंबे समय से पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से परेशान हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं की लगातार अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सौरव विष्णु के नेतृत्व में 23 अगस्त को सुबह 10 बजे से सुमन होटल, बस स्टैंड के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के माध्यम से हिल व्यू कॉलोनी में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, तत्काल फॉगिंग कराने और कचरे का नियमित उठाव शुरू करने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी जाएगी।
समिति ने आसपास के क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
Read also – Jamshedpur Muharram: जाकिरनगर इमामबारगाह में निकला अमारी व ताबूत का जुलूस


