Home » Dumka Stabbing News : प्रेम-प्रसंग में चाकूबाजी : दुमका में किशोर की हत्या, दो गंभीर घायल

Dumka Stabbing News : प्रेम-प्रसंग में चाकूबाजी : दुमका में किशोर की हत्या, दो गंभीर घायल

Jharkhand Hindi News : मेला देखकर लौट रही किशोरी को हमलावरों ने जबरन बाइक से उतारने का प्रयास किया। डेविड और लखींद्र के विरोध करने पर आरापियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया

by Rakesh Pandey
Dumka Stabbing News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

दुमका : झारखंड के दुमका जिले में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चाकू से किए गए हमले में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह वारदात रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया गांव के पास गुरुवार देर रात घटी, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।

तातलोई मेला से लौटते समय हमला

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामा थाना क्षेत्र में आयोजित तातलोई मेला देखकर लौट रहे दो किशोर डेविड और लखींद्र एक किशोरी के साथ बाइक से घर जा रहे थे। जैसे ही वे रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका।

किशोरी को जबरन उतारने की कोशिश

आरोप है कि हमलावरों ने किशोरी को जबरन बाइक से उतारने का प्रयास किया। जब डेविड और लखींद्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में किशोरी समेत दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में एक किशोर की मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को देर रात फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने लखींद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, किशोरी और डेविड की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में जारी है।

प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो स्वयं मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हमला किशोरी के परिजनों द्वारा किया गया हो सकता है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस जांच में जुटी

रामगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घायलों के बयान के बाद पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Read Also- Jamshedpur Kidnapping : कैरव गांधी के अपहरण में छोटू यादव गैंग का हाथ होने की आशंका, पढें कहां का है यह गिरोह

Related Articles