Home » RANCHI NEWS: ई-रिक्शा और बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

RANCHI NEWS: ई-रिक्शा और बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच गिरफ्तार

by Vivek Sharma
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

RANCHI: रांची पुलिस ने ई-रिक्शा और बैटरी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना इस्तियाक अंसारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अन्य आरोपियों में चांद कुरैशी उर्फ चांदू, मो. अहमद अंसारी उर्फ चांद, तालिब आलम उर्फ छोटू और मो. कैफ उर्फ पनसौखी शामिल हैं। इनके पास से चोरी की गई तीन ई-रिक्शा, कई बैटरियां, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक ऑटो बरामद किया गया है।

सिटी एसपी अजीत कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि गिरोह लंबे समय से रांची के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था। हाल के दिनों में लोअर बाजार थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा और बैटरी चोरी की घटनाओं में तेजी आई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी-सह-एसएसपी चंदन सिन्हा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने छापेमारी कर आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में सरगना इस्तियाक अंसारी ने खुलासा किया कि चोरी के बाद गिरोह ई-रिक्शा को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसकी बैटरियां निकाल लेता था और फिर वाहन को लावारिस छोड़ देता था। चोरी की गई बैटरियां डीपाटोली स्थित कबाड़ी दुकान में धनप्रकाश साह को बेची जाती थीं। पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के पास से घटनाओं से जुड़े कई सबूत भी बरामद किए हैं।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की गई बैटरियों की खरीद-बिक्री में शामिल व्यक्तियों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। 

Related Articles