RANCHI: कोयला घोटाला मामले में धनबाद के चर्चित कोयला कारोबारी एलबी सिंह से सोमवार को रांची ईडी क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ की गई। ईडी द्वारा जारी समन के आधार पर एलबी सिंह कार्यालय पहुंचे, जहां औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद अधिकारी उनसे कोयला कारोबार और कथित घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल पूछ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ईडी ने कुछ दिन पहले कोयला घोटाले की जांच के दौरान की गई छापेमारी और अन्य कोयला व्यापारियों से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर एलबी सिंह को समन जारी किया था। हालांकि पहले नोटिस मिलने के बाद उन्होंने बीमारी का हवाला देते हुए पेश होने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। इसके बाद ईडी ने उन्हें 9 मार्च को उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
बता दें कि कुछ दिन पहले झारखंड और कोलकाता में ईडी की टीमों ने एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की थी। कोलकाता में ईडी ने कथित कोयला सिंडिकेट से जुड़े अनुप माझी उर्फ लाला के सहयोगियों के ठिकानों पर कार्रवाई की थी, जबकि झारखंड में धनबाद के कई कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर भी छापे मारे गए थे। जांच एजेंसियों को शक है कि झारखंड के कुछ कोयला कारोबारी भी इस कथित सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं। इसी कड़ी में ईडी संबंधित व्यापारियों से पूछताछ कर नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

