Home » Jamshedpur News : बहरागोड़ा में हाथियों के झुंड ने धान की फसल रौंदकर किया बर्बाद, किसानों को भारी नुकसान

Jamshedpur News : बहरागोड़ा में हाथियों के झुंड ने धान की फसल रौंदकर किया बर्बाद, किसानों को भारी नुकसान

करीब पांच हाथियों का झुंड श्मशान घाट की दिशा से गांव की ओर आया और सीधे खेतों में घुस गया। हाथियों ने कई किसानों की खड़ी धान की फसल को रौंद दिया, जिससे कई एकड़ में लगी खेती पूरी तरह नष्ट हो गई।

by Mujtaba Haider Rizvi
jamshedpur Elephant News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम में जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के भादूआ गांव में जंगली हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर किसानों की तैयार धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा दिया। गुरुवार देर रात हाथियों के अचानक खेतों में पहुंचने से गांव के किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही समय में बर्बाद हो गई।

बताते हैं कि करीब पांच हाथियों का झुंड श्मशान घाट की दिशा से गांव की ओर आया और सीधे खेतों में घुस गया। हाथियों ने कई किसानों की खड़ी धान की फसल को रौंद दिया, जिससे कई एकड़ में लगी खेती पूरी तरह नष्ट हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय खेतों की ओर से तेज आवाजें आने पर लोग घरों से बाहर निकले। जब ग्रामीणों ने देखा कि हाथियों का झुंड खेतों में फसल बर्बाद कर रहा है, तो सभी लोग एकजुट होकर उन्हें भगाने की कोशिश करने लगे।

ग्रामीणों ने पटाखे फोड़ कर किया हाथियों को भगाने का प्रयास

लोगों ने पटाखे फोड़े और मशाल जलाकर हाथियों को डराने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड खेतों से हट सका, लेकिन तब तक किसानों की फसल को भारी नुकसान हो चुका था।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड आसपास के इलाकों में घूम रहा है और रात के समय खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। लगातार ऐसी घटनाओं से गांव में भय का माहौल बना हुआ है और किसान रात-रात भर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं।

वन विभाग की टीम ने हाथियों को खदेड़ा

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के झुंड को भादूआ गांव से खदेड़कर लोधासूली के जंगल की ओर भेज दिया गया है। वन विभाग की टीम झुंड की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि वे दोबारा गांव की ओर न लौट सकें। ग्रामीणों ने प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Read also Palamu Road Accident : पलामू के एक घर में घुस गई तेज रफ्तार कार, 70 वर्षीय महिला की चली गई जान

Related Articles

Leave a Comment