खूंटी : जिले के अड़की थाना क्षेत्र की दो नाबालिग लड़कियों को रविवार को दिल्ली के नेबसराय थाना क्षेत्र से रेस्क्यू किया गया। जानकारी के अनुसार, दोनों लड़कियों को अच्छे काम का झांसा देकर मानव तस्कर दिल्ली ले गए थे। दिल्ली में प्लेसमेंट एजेंसी के लोग उन्हें दाई का काम करने के लिए कहीं और भेजने वाले थे। यह जानकारी मिलते ही दोनों नाबालिग लड़कियां किसी तरह तस्करों के चंगुल से भागने में सफल रहीं। एक लड़की ने अपने मोबाइल से इस पूरे घटनाक्रम की सूचना झारखंड भवन के टोल फ्री नंबर पर दी और मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही नोडल ऑफिसर नचिकेता के नेतृत्व में परामर्शी निर्मल खलखो, मिशन मुक्ति फाउंडेशन के सचिव वीरेंद्र कुमार सिंह और रेस्क्यू फाउंडेशन के अक्षय कुमार पांडे ने पीड़िताओं को रेस्क्यू करने की कोशिश शुरू की। दोनों लड़कियों के मोबाइल फोन का लाइव लोकेशन दिल्ली के नेबसराय थाना क्षेत्र में मिलने पर नेबसराय थाना पुलिस के सहयोग से उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।
इस बीच, पीड़िताओं को दिल्ली से खूंटी लाने और आगे की कार्रवाई के लिए उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देश पर एक रेस्क्यू टीम खूंटी से दिल्ली रवाना हो गई है। इस टीम में बाल संरक्षण पदाधिकारी मो. अल्ताफ खान, महिला थाना प्रभारी फूलमनी टोप्पो, एएसआई रमजानुल हक, आरक्षी प्रिया कुमारी आदि शामिल हैं।

