एंटरटेनमेंट डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने बीते दिन दिवंगत एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक की आखिरी फिल्म ‘कागज 2’ (Kaagaz 2 trailer) का पहला पोस्टर जारी किया था। अब आज 9 फरवरी को इस फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। फिल्म की कहानी राजनीतिक रैलियों, सड़क पर विरोध प्रदर्शन की वजह से होने वाले ट्रैफिक जाम की वजह से लोगों को होने वाली परेशानियों पर आधारित होगी।
कैसा है फिल्म का ट्रेलर (Kaagaz 2 trailer)
ट्रेलर की शुरुआत में अनुपम खेर वकील की भूमिका निभाते और मौलिक अधिकार के सिलसिले में कोर्ट में एक केस पेश करते नजर आते हैं। फिर आगे रोड पर निकली हुई रैली की वजह से होने वाली भीड़ दिखती है। सतीश कौशिक की बेटी घर में अचानक गिर जाती है, जिसकी वजह से उसे तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ता है। लेकिन, रोड पर ट्रैफिक जाम की वजह से पिता सतीश कौशिक उन्हें समय पर अस्पताल नहीं ले जा पाते और बेटी की मौत हो जाती है। ऐसे में सतीश कौशिक अपनी बेटी की मौत के लिए ये केस लड़ते हैं।
ट्रेलर को देखकर समझ आ रहा है कि पॉलिटिक्स की आड़ में अगर किसी इंसान की मौत भी हो जाती है, तो इसपर कोई ध्यान नहीं देता। हर किसी को अपनी रैली और कैंपेनिंग से सिर्फ मतलब रहता है। ट्रेलर में सोशल मीडिया की पावर को भी दिखाया गया है। किस तरह से आज के समय में कोई भी मैसेज पहुंचाने के लिए इंटरनेट सबसे तेज माध्यम है यह दिखाने की कोशिश की गई है। वीनस एंटरटेनमेंट के बैनर तले ये फिल्म रिलीज की जाएगी।
‘कागज’ का सीक्वल है ‘कागज 2’
पंकज त्रिपाठी स्टारर कागज 2021 में जी 5 पर रिलीज हुई थी। सतीश कौशिक द्वारा लिखित और निर्देशित, यह फिल्म भरत लाल बिहारी के 19 साल के लंबे संघर्ष पर थी, जिन्हें सरकारी रिकॉर्ड में गलती से मृत घोषित कर दिया गया था। अब उम्मीद है कि ‘कागज 2’ कागज की लीगेसी को अगले लेवल पर ले जाएगी। सीक्वल की कहानी एक आम आदमी के सामने आने वाली चुनौतियों के बारे में है, जिसका जीने का अधिकार विरोध प्रदर्शनों और रैलियों से प्रभावित होता है। फिल्म में अनुपम खेर, दर्शन कुमार, दिवंगत सतीश कौशिक, स्मृति कालरा और नीना गुप्ता अहम किरदार में नजर आ रहे हैं।
फिल्म के ट्रेलर को शेयर करते ही लोगों ने कमेंट में रिएक्शन दिया है। यूजर ने लिखा है कि सतीश कौशिक जी का अब तक का सबसे शानदार, यादगार व दुखद अंतिम अभिनय वाकई में शब्दो से परे है। दिल से सलाम, हर कोई इनके जनहित प्रस्तुति जरूर देखिए। दूसरे यूजर ने लिखा सतीश जी कितना काम कर के गए हैं।
अनुपम खेर को भी याद आए सतीश कौशिक
अनुपम खेर भी सतीश कौशिक के क्लोज फ्रेंड थे। उन्होंने अपकमिंग फिल्म ‘कागज 2’ में दिवंगत एक्टर के साथ स्क्रीन स्पेस भी शेयर किया था। अनुपम ने सतीश कौशिक संग अपनी अपकमिंग फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए एक दिल छू लेने वाला नोट लिखा था उन्होंने लिखा, “डियरस्ट सतीश कौशिक! आपके जुनूनी प्रोजेक्ट का ट्रेलर और दुर्भाग्य से आखिरी प्रोजेक्ट कागज 2 कल रिलीज हो रहा है! मैं जानता हूं कि इस फिल्म को बनाने के लिए आपने कितनी मेहनत की थी। लेकिन, हम सब यह सुनिश्चित करेंगे कि इस फिल्म की चमक दुनिया तक पहुंचे! आपको हमेशा प्यार!”
‘कागज़ 2’ की स्टार कास्ट
कागज 2 की स्टार कास्ट की बात करें, तो फिल्म में दिवंगत एक्टर सतीश कौशिक के साथ अनुपम खेर, दर्शन कुमार, नीना गुप्ता सहित कई कलाकारों ने अहम रोल प्ले किया है। फिल्म वीके प्रकाश द्वारा निर्देशित और शशि सतीश कौशिक, रतन जैन और गणेश जैन द्वारा प्रोड्यूस की गई है।सतीश कौशिक एंटरटेनमेंट एलएलपी और वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संयुक्त रूप से निर्मित है।
READ ALSO: वैलेंटाइन वीक में देखें यह पांच फिल्में, जो आपके रिश्ते को बनायेगी मजबूत

