Jamshedpur : झारखंड अधिविद्य परिषद ने वार्षिक माध्यमिक व इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां तेज कर दी हैं। परिषद् के अनुसार 10 मार्च से राज्य के विभिन्न मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपियों की जांच शुरू होगी।
इससे पहले सोमवार को रांची स्थित जैक कार्यालय के प्रेक्षागृह में मूल्यांकन केंद्र निदेशकों की कार्यशाला आयोजित की गई। दोपहर एक बजे से शुरू हुई इस कार्यशाला में माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के मूल्यांकन कार्य के सफल संचालन पर विस्तार से चर्चा हुई। इसमें सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी भी शामिल हुए।
जैक अध्यक्ष डॉ नटवा हांसदा ने निर्देश दिया कि मूल्यांकन हर हाल में तय समय के भीतर पूरा किया जाए। इसके लिए 20 दिन का समय निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा परिणाम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में जारी करने का लक्ष्य रखा गया है।
परिषद् ने मूल्यांकन के लिए कई निर्देश भी जारी किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी में कॉपियों की जांच होगी। शिक्षक मोबाइल लेकर केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। केंद्र में एक बार प्रवेश के बाद कार्य पूरा होने पर ही बाहर निकलने की अनुमति होगी। साथ ही एक शिक्षक एक दिन में अधिकतम 40 उत्तरपुस्तिकाओं का ही मूल्यांकन कर सकेंगे और अंकों के मिलान में विशेष सावधानी बरतनी होगी।
जमशेदपुर के छह केंद्रों पर होगा मूल्यांकन
वार्षिक माध्यमिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर जमशेदपुर में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में कुल छह मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें चार केंद्रों पर मैट्रिक की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा, जबकि दो केंद्रों पर इंटरमीडिएट की कॉपियों की जांच की जाएगी। सभी मूल्यांकन केंद्रों पर उत्तरपुस्तिकाएं पहुंचा दी गई हैं, ताकि निर्धारित तिथि से मूल्यांकन कार्य शुरू किया जा सके। वहीं मूल्यांकन कार्य के लिए नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मंगलवार से वितरित किए जाएंगे। शिक्षक अपने नियुक्ति पत्र जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त कर सकेंगे। विभाग की ओर से बताया गया है कि यदि नियुक्ति पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो उसे विभाग के माध्यम से ठीक कराया जा सकेगा। इस बार मूल्यांकन कार्य के लिए जिले में करीब 500 से अधिक शिक्षकों को लगाया गया है।
इन केंद्रों पर होगा मूल्यांकन
मैट्रिक का मूल्यांकन केंद्र
- हिंदुस्तान मित्रमंडल उवि गोलमुरी
- टाटा वर्कर्स यूनियन उवि कदमा
- शारदामणि गर्ल्स उवि साकची
- विवेकानंद उवि साकची
इंटर के मूल्यांकन केंद्र
- आदिवासी प्लस टू उवि सीतारामडेरा
- बीएसएसपीवीएम उवि सोनारी
Read Also: RANCHI NEWS: प्राइवेट स्कूलों में री-एडमिशन फीस को लेकर शिकायत, डीसी रांची से सख्ती की मांग

