रांची : वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें उपचार के लिए ऑर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, उन्हें खांसी की समस्या काफी बढ़ गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार राधा कृष्ण किशोर को पल्मोनरी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखने का निर्णय लिया है।
मंत्री की हालत स्थिर है और इलाज जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद ही अस्पताल से छुट्टी देंगे। अस्पताल प्रशासन ने यह भी कहा कि उनकी तबीयत के बारे में सभी अपडेट समय-समय पर सार्वजनिक किए जाएंगे। वहीं राधा कृष्ण किशोर के समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। फिलहाल, उनका इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

