Jamshedpur : नए साल 2026 के स्वागत को लेकर जमशेदपुर के बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर में सजावट, रोशनी और पार्टी की तैयारियों के बीच बेकरी दुकानों पर केक की जबरदस्त डिमांड ने बाजार की रौनक बढ़ा दी है। लोग परिवार और दोस्तों के साथ सेलिब्रेशन को यादगार बनाने के लिए अलग-अलग फ्लेवर और डिजाइन वाले केक पसंद कर रहे हैं।
जैसे-जैसे नया साल नजदीक आ रहा है, साकची, बिष्टुपुर और मानगो समेत अन्य इलाकों की बेकरी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बढ़ती जा रही है। साकची के आमबागान स्थित एक केक दुकान के संचालक के अनुसार, नए साल के मौके पर केक के ऑर्डर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब ग्राहक सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि डिजाइन और थीम पर भी खास ध्यान दे रहे हैं।
आमबगान में केक की कई दुकानें हैं। यहां केक खरीदने वालों की सुबह से ही भीड़ लगी है। लोग अपनीपसंद के केक खरीद रहे हैं। टेल्को की शिल्पी चक्रवर्ती बताती हैं कि वह हर साल यहां से केक खरीद कर ले जाती हैं। उनका कहना है कि आमबगान में बढ़िया केक मिलता है। उन्होंने यहां से ब्लैक फॉरेस्ट केक खरीदा है। शिल्पी को भी चाकलेक केक पसंद है।
चॉकलेट केक बना पहली पसंद
इस बार भी चॉकलेट केक ग्राहकों की पहली पसंद बना हुआ है। इसके साथ ही ट्रफल केक, ब्लैक फॉरेस्ट, रेड वेलवेट, पाइनएप्पल और बटर स्कॉच केक की मांग भी तेजी से बढ़ी है।
खास बात यह है कि ग्राहक अब छोटे केक की जगह 1 किलो और 2 किलो जैसे बड़े साइज के केक ऑर्डर कर रहे हैं। न्यूनतम 500 ग्राम से केक की खरीद आम हो गई है। नए साल की पार्टियों और पारिवारिक समारोहों के कारण बड़े साइज के केक की डिमांड लगातार बढ़ रही है, जिससे बेकरी कारोबारियों के चेहरे पर भी खुशी नजर आ रही है।
सभी कंपनियों में काटा जाएगा केक
जमशेदपुर की सभी कंपनियों में गुरुवार को नए साल को लेकर केक कटिंग का प्रोग्राम होगा। जिन कंपनियों में केक काटा जाएगा उनमें टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टीएसडीपीएल, टाटा कमिंस आदि कंपनियां हैं। इसके अलावा, शहर की सभी बड़ी आवासीय सोसायटियों में भी नए साल का जश्न मनाया जाएगा और केक काटा जाएगा।

